कई बार हम जिस दुख को आज का समझकर जी रहे होते हैं, वह दरअसल बीते दिनों की कोई अधूरी परछाई होती है। समय आगे बढ़ जाता है, पर कुछ दर्द वहीं ठहर जाते हैं —
हमारे भीतर, हमारी यादों के किसी शांत कोने में, छोटे-छोटे दुख हमें इतना थका देते हैं कि बड़े दुख चुपचाप हमारी चौखट पर बैठकर बस हमारी थकान का इंतज़ार करते रहते हैं। हम सोचते हैं कि यह दर्द आज का है, लेकिन सच तो यह है कि वह किसी पुराने दिन की अधूरी कहानी बनकर हमारे भीतर फिर लौट आया है। शायद इसलिए ज़रूरी है कि हम अपने दुखों को नाम देना सीखें। क्योंकि जब दर्द की पहचान हो जाती है, तो उसका बोझ थोड़ा हल्का लगने लगता है।
हर दर्द को दिल में छुपाना ज़रूरी नहीं होता,
कभी-कभी उसे पहचान देना भी राहत बन जाता है।
जब हम अपने दुखों को नाम देते हैं, तो हम यह समझ पाते हैं कि कौन-सा दर्द आज का है और कौन-सा कल का।
कौन-सी पीड़ा हमारे साथ चलनी चाहिए और कौन-सी बस एक स्मृति बनकर रह जानी चाहिए। क्योंकि सच तो यह है कि कुछ दुख सिर्फ नाम बदलते ही पराये हो जाते हैं और कुछ…बस “अपना” कह देने भर से थोड़ा मुस्कुरा उठते हैं।
कुछ दर्द अजनबी होते हैं, जो दिल में आकर बस जाते हैं।
और कुछ अपने होते हैं, जो हमें जीना सिखा जाते हैं।
कभी-कभी जो दुख हमें आज का लगता है, वह दरअसल बीते समय की कोई अधूरी कहानी होती है। वही कहानी जो कभी पूरी नहीं हो पाई, वही शब्द जो कभी कहे नहीं जा सके, वही रिश्ते जो कभी समझे नहीं जा सके। छोटे-छोटे दुख हमें इतना उलझा लेते हैं कि हम बड़े दुखों को पहचान ही नहीं पाते। वे चुपचाप हमारे दरवाज़े पर बैठे रहते हैं, बस हमारी फुर्सत का इंतज़ार करते हुए।
दुख भी अजीब मेहमान होते हैं, बिना बुलाए चले आते हैं।
और अगर उन्हें पहचान न दो, तो उम्र भर साथ निभाते हैं।
शायद इसलिए..
हमें अपने हर दर्द को एक नाम दे देना चाहिए। ताकि एक पीड़ा दूसरी पीड़ा की परछाईं बनकर हमारे भीतर और गहरी न होती चली जाए। क्योंकि कुछ दुखों को “पराया” कह दो तो वे धीरे-धीरे लौट जाते हैं। और कुछ को “अपना” कह दो…तो वे भी चुपचाप मुस्कुरा देते हैं।
दर्द को ठुकराओगे तो वो और गहरा होगा,
उसे अपना कह दोगे तो वो थोड़ा ठहर जाएगा।

शायद यही जीवन की सबसे शांत सीख है—
हर दर्द से लड़ना ज़रूरी नहीं होता, कुछ दर्दों को बस पहचान देना ही काफी होता........
शुभकामनाओं के साथ,
आनंद (दिल, किताब और रास्तों का मुसाफ़िर)
No comments:
Post a Comment