लड़कों के भी
छूटते हैं मायके,
उनकी भी पलकों में बसते हैं
बचपन के मीठे साए।
उन्हें भी याद आती है
आँगन की वो मिट्टी,
जहाँ माँ की हथेलियों में
सारी दुनिया सिमटी।
उन्हें भी चुभती है चुपके से
पिता की थकी सी चाल,
उनकी खामोशी में सुनते हैं
हज़ारों टूटते सवाल।
उनकी भी भर आती हैं आँखें
जब यादों का बादल छाता है,
पर होंठों पर मुस्कान रख
हर दर्द दिल में समाता है।
घर का जो बड़ा बेटा होता है,
वो खामोशी में ही ढल जाता है,
अपनी इच्छाओं की चादर समेट
सबके सपनों में जल जाता है,
टूटे दिल को सीने में छुपाकर
हर रिश्ते को संभाल जाता है।
वो भी आधी रातों में
तकिये को भीगाते हैं,
दिन चढ़ते ही फिर चेहरे पर
हिम्मत का रंग लगाते हैं।
उनके भी अधूरे रहते हैं
कई ख्वाब, कई अरमान,
पर घर की खुशियों के खातिर
कर देते हैं सब कुर्बान।
माँ की एक पुकार में
सारा बचपन लौट आता है,
“खाना खा लिया बेटा?”
ये सवाल ही उन्हें रुला जाता है।
कंधों पर जिम्मेदारियों का
जब पहाड़ सा बोझ होता है,
तब भी उनका हर कदम
अपनों के लिए ही रोशन होता है।
वो भी टूटते हैं, बिखरते हैं,
पर आवाज़ नहीं करते,
दिल में समंदर रखते हैं
पर जिक्र नहीं करते।
तो क्या हुआ जो वे
अपनी पीड़ा नहीं कहते,
ये बहुत बड़ी गलतफ़हमी है कि लड़के
माँ-बाप की फ़िक्र नहीं करते…
दरअसल, वो शब्दों से नहीं
अपने कर्मों से जताते हैं,
जो चुपचाप जीते हैं दर्द
वही सबसे गहरा प्यार निभाते हैं…
- आनंद ( दिल, किताब और रास्तों का मुसाफ़िर)